भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, संपर्क मार्ग बाधित
पौड़ी गढ़वाल, द्वारीखाल ब्लॉक – सामाजिक कार्यकर्ता पूर्व फौजी बीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि बीते कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र में जगह-जगह संपर्क एवं मोटर मार्ग टूट गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पहाड़ टूटने और बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। कहीं लोगों की जानें गई हैं तो कहीं खेत–खलिहानों को गंभीर नुकसान हुआ है।

जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति क्षेत्रवासियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है।
बरसात के मौसम में सुरक्षित यात्रा के लिए लोगों से कम से कम सफर करने की अपील की गई है। ग्राम पंचायत किनसुर के अंतर्गत बागी गांव के पुल के पास पहाड़ टूटने से आवागमन ठप है। दो–तीन दिन पहले भेजी गई जेसीबी मशीन द्वारा व्यास घाट–देवप्रयाग–सतपुली–कोटद्वार मोटर मार्ग पर अस्थायी सफाई कर राहत दी गई, लेकिन अब बड़े स्तर पर मशीनरी की आवश्यकता है। संबंधित विभाग को सूचित किया जा चुका है और जल्द ही बड़ी मशीन भेजे जाने का आश्वासन मिला है।
इस बीच, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख के रूप में श्रीमती बीना राणा का चयन तय माना जा रहा है।
