मौसम विभाग के अलर्ट के चलते 07 अगस्त को जनपद पौड़ी के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 06 अगस्त 2025 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 07 अगस्त को जनपद गढ़वाल क्षेत्र में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।

जारी अलर्ट के अनुसार जनपद अंतर्गत नदी-नालों और गदेरों के जल स्तर में वृद्धि होने की आशंका है। इसे देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद पौड़ी गढ़वाल के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) एवं सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में 07 अगस्त 2025 (बृहस्पतिवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतें और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले या संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाएं।

