पौड़ी

अतिवृष्टि से जनजीवन प्रभावित, जिलाधिकारी की निगरानी में राहत कार्य जारी

प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और विभागीय टीमें तैनात, मार्ग बहाली व आपूर्ति पुनःस्थापना पर जोर

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में बीते दो दिनों से हो रही लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारी बारिश के चलते कई क्षेत्रों में मोटर मार्ग, विद्युत व पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनःस्थापना कार्यों की निगरानी कर रही हैं।

प्रशासन व संबंधित विभागों की टीमें मौके पर मौजूद हैं और सभी अवरुद्ध मार्गों व आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

बाधित मार्गों की स्थिति:

श्रीनगर–पौड़ी–कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग: गुमखाल के पास कुल्हाड़ मोड़ पर मलबा आने से अवरुद्ध

ऋषिकेश–बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग: चमधार के पास मलबा आने से यातायात ठप

पौड़ी–पाबौ–पैठाणी मोटर मार्ग: कलगड़ी के पास पुल बहने से पूरी तरह अवरुद्ध

पाबौ–मासौं–संतुधार मोटर मार्ग: खिर्कू के पास गदेरा उफान पर, मार्ग बाधित

बुआखाल–रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग: नकुरी बैंड पर भारी मलबा, मार्ग पूर्णतः अवरुद्ध

बीरोंखाल–रिखणीखाल–कोटद्वार मार्ग: ग्राम सिसई के पास मलबा आने से बाधित

इसके अतिरिक्त लक्ष्मण झूला–नीलकंठ मार्ग पर भी जगह-जगह मलबा आने से यातायात ठप हो गया है।

विद्युत आपूर्ति प्रभावित क्षेत्र:

कोट, सतपुली, नैनीडांडा, रिखणीखाल व थलीसैंण क्षेत्रों में भारी वर्षा के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। विद्युत विभाग द्वारा आपूर्ति बहाल करने हेतु कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।

प्रशासन की कार्रवाई:

जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय रूप से राहत कार्यों में जुटी हैं।

लोनिवि की मशीनें व श्रमिक सड़कों को खोलने के कार्य में लगे हैं।

प्रभावित मार्गों के लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

आम नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि अवांछित यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *