भारी बारिश की चेतावनी पर 06 अगस्त को पौड़ी जनपद के सभी विद्यालयों में अवकाश
पौड़ी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 05 अगस्त की सायं 6 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद गढ़वाल में 06 अगस्त को कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जना एवं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की है।

जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि नदी, नालों एवं गदेरों के जलस्तर में वृद्धि हो सकती है, जिससे छात्रों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बुधवार, 06 अगस्त 2025 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों के पास न जाएं तथा सतर्क एवं सावधान रहें।
