तहसील दिवस में दर्ज हुईं 11 शिकायतें, 4 का मौके पर निस्तारण
उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा की अध्यक्षता में श्रीनगर में आयोजित हुआ तहसील दिवस
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशानुसार मंगलवार को श्रीनगर में तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा ने की। इस मौके पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं।

तहसील दिवस में कुल 11 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर त्वरित रूप से समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा निस्तारित मामलों की आख्या भी समयबद्ध रूप से प्रस्तुत की जाए।
इस अवसर पर नगर निगम के अंतर्गत नाली व पार्क निर्माण, पेड़ों की लॉपिंग, रेलवे से मुआवजा, स्वीत गांव में पेयजल टैंक निर्माण, गहड़ गांव में मार्ग सुधार आदि से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
तहसील दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विमल गुसाईं, सहायक कोषाधिकारी नंदन खत्री, खंड शिक्षाधिकारी अश्विनी रावत, कोतवाल जयपाल नेगी, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, सहायक अभियंता जल संस्थान कृष्ण कांत, सफाई निरीक्षक शशि पंवार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
