कोटद्वार में चंडीगढ़ ब्रांड की अवैध शराब बरामद, एक युवक हिरासत में
जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान को मिली सफलता
आबकारी विभाग ने घमंडपुर क्षेत्र में मारा छापा
6 पेटी और 6 बोतल विदेशी शराब ज़ब्त
आरोपी शुभम नेगी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज
कोटद्वार। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग को सोमवार देर सायं कोटद्वार क्षेत्र में बड़ी सफलता प्राप्त हुई। आबकारी टीम ने घमंडपुर इलाके में दबिश देकर चंडीगढ़ ब्रांड की 6 पेटी और 6 बोतल विदेशी शराब (रॉयल जर्नल) बरामद की।

आबकारी निरीक्षक खजान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें एक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि चंडीगढ़ से बिक्री हेतु अवैध शराब कोटद्वार लाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर छापा मारा और एक युवक शुभम नेगी को हिरासत में लिया।
पकड़े गए युवक के पास से विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसे चंडीगढ़ से कोटद्वार लाया गया था। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवर्तन अभियान सतत रूप से जारी रहेगा।
