कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया स्थलीय निरीक्षण, सुनी जनता की समस्याएं, दिये त्वरित निस्तारण के निर्देश
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को थलीसैंण विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करते हुए किसानों, विद्यार्थियों और आमजन से संवाद किया तथा विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
डॉ. रावत ने सर्वप्रथम वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार में आयोजित कृषक संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने जैविक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचार और वानिकी से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी किसानों से साझा की।

इसके उपरांत मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज, कपरौली में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।
आजादी के अमृत महोत्सव पर बच्चों की प्रस्तुति
मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली, थलीसैंण में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनी में भाग लिया, जिसमें छात्रों ने तिरंगे, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों पर आधारित प्रस्तुति दी। विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
साथ ही, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, थलीसैंण में भी देशभक्ति आधारित चित्र, मॉडल प्रदर्शनी और वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

जन संवाद और समाधान
डॉ. रावत ने थलीसैंण और पाबौ ब्लॉक में आमजन, छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिये।
इस अवसर पर आनंद नेगी, राकेश ममगाईं, सुरेंद्र सिंह नेगी, विजय रौथाण, मनोज रमोला, पुष्पेंद्र भंडारी, दिलीप सिंह नेगी, रजनी रावत, वर्षा रावत सहित कई लोग उपस्थित रहे।
