मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना का शुभारंभ, जिले में 24 स्थानों पर लगे स्टॉल
पौड़ी। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के अंतर्गत आज पौड़ी जनपद में 24 स्थानों पर महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री हेतु स्टॉल लगाए गए।
जिला मुख्यालय में इन स्टॉलों का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने रिबन काटकर किया। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि समूहों को अपने उत्पादों की लागत का विश्लेषण अवश्य करना चाहिए, जिससे लाभ का सटीक मूल्यांकन हो सके।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने साधना क्लस्टर की महिलाओं से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। उन्होंने कहा, “मैं एक बेटा और भाई के रूप में मातृ शक्ति के लिए निरंतर कार्य करता रहूँगा।”
मुख्यमंत्री ने आगामी जल सखी योजना की जानकारी भी साझा की। इस योजना के अंतर्गत जल संरक्षण और बिल वितरण का कार्य महिला समूहों द्वारा आउटसोर्सिंग के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं से उनके उत्पादों की बिक्री, लागत और गुणवत्ता से जुड़े सुझाव भी आमंत्रित किए।
साधना क्लस्टर की जागृति संगठन से जुड़ी सुशीला देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके क्लस्टर की 430 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि समूह की महिलाएं कृषि, कैंटीन संचालन, डेयरी, आटा चक्की व पैकेजिंग जैसे कार्यों में संलग्न हैं और प्रशिक्षण लेकर इन कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

सुशीला देवी ने यह भी जानकारी दी कि उनके क्लस्टर को आगामी 15 अगस्त को भारत सरकार द्वारा “आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार 2024” से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाज़ार उपलब्ध होने के कारण अब उनके उत्पाद पहचाने जाने लगे हैं, जिससे आय में भी वृद्धि हुई है।
इस अवसर पर पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, बीडीओ पौड़ी सौरभ हांडा एवं साधना समूह की अनेक महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
