उत्तराखंडपौड़ी

घीड़ी में राष्ट्रभक्ति का नया प्रतीक — “मेजर डोभाल स्मृति पार्क” का शिलान्यास

पौड़ी। उत्तराखंड की वीरभूमि पौड़ी गढ़वाल ने एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनते हुए “स्वर्गीय मेजर डोभाल स्मृति पार्क” की आधारशिला रखी। यह स्मृति स्थल भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पिताश्री, स्वर्गीय मेजर गुणानंद डोभाल की स्मृति को समर्पित है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्मृति पार्क का विधिवत शिलान्यास करते हुए कहा कि

“यह पार्क केवल हरित स्थल नहीं, बल्कि बलिदान, प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनेगा। जिस धरती ने अजीत डोभाल जैसे राष्ट्ररक्षक को जन्म दिया, वही अब संपूर्ण भारत के लिए गौरव का केंद्र बनेगी।”

इस पार्क को 127 इन्फेंट्री बटालियन की इकोलॉजिकल टास्क फोर्स के संरक्षण में विकसित किया जा रहा है। टास्क फोर्स की अगुवाई में आज करीब 2,000 फलदार, औषधीय एवं सुगंधित पौधों का रोपण किया गया।

कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रत्तुल थपलियाल ने बताया कि पार्क को लगभग 8 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय जलवायु के अनुकूल पौधों से जैव विविधता एवं हरित सौंदर्य को संरक्षित किया जाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गांववासी, महिलाएं, युवा एवं पूर्व सैनिक शामिल हुए। सूबेदार मेजर रघुवीर सिंह सहित कई पूर्व सैनिकों ने स्मृति स्थल को नमन करते हुए इसे गौरवशाली क्षण बताया।

यह पार्क आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति और सेवा भावना की प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

— कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *