उत्तराखंडपौड़ी

मतगणना की तैयारियों को लेकर समन्वय बैठक आयोजित डीएम ने दिए सख़्त निर्देश – पारदर्शिता व सुरक्षा में कोई समझौता नहीं

पौड़ी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत होने वाली मतगणना को लेकर जिला मुख्यालय पौड़ी में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने की। इस दौरान अधिकारियों को मतगणना की पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतगणना स्थलों पर CCTV कैमरों की संख्या इस प्रकार सुनिश्चित की जाए कि पूरा मतगणना कक्ष कवर हो सके। बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षित कंप्यूटर ऑपरेटर, पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर व प्रिंटर की व्यवस्था हर केंद्र पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विवाद की स्थिति में वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाए।

डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि मतगणना केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, वैकल्पिक जनरेटर, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी व्यवस्थाओं की अंतिम पुष्टि चेकलिस्ट के आधार पर की जाएगी। इसके अलावा हर विकासखंड में मीडिया कॉर्नर भी स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मतगणना के हर राउंड के बाद परिणाम को क्रमबद्ध व प्रत्याशीवार घोषित किया जाए। मतगणना स्थल पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार व जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को मतगणना हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी उपकरण अलग कक्ष में जमा कराए जाएं।

नोडल अधिकारी प्रशिक्षण दीपक रावत ने बताया कि पंचायतवार चार्ट के अनुसार मतगणना पेटियां व्यवस्थित की जाएंगी। विवाद या पुनर्गणना की स्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर कारण स्पष्ट करते हुए निर्णय लेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, रिटर्निंग अधिकारी रोहित डुबरिया, सहायक निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन गोदियाल, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा और एडीआईओ हेमंत काला समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *