उत्तराखंडपौड़ी

गांव गांव में लोकतंत्र का जश्न पंचायत चुनाव में 61.25% मतदान

548 पोलिंग पार्टियों ने स्ट्रांग रूम में जमा की मतपेटिकाएं

31 जुलाई को होगी मतगणना, तैयारियां पूर्ण: जिला निर्वाचन अधिकारी

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के द्वितीय चरण के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गई। सोमवार को सम्पन्न हुए मतदान में विकासखंड पौड़ी, कोट, कल्जीखाल, जयहरीखाल, द्वारीखाल, यमकेश्वर व दुगड्डा में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जानकारी दी कि द्वितीय चरण में कुल 466 ग्राम प्रधान पदों के लिए मतदान हुआ, जबकि 73 ग्राम प्रधान निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं और 1 पद रिक्त रहा। इसके अतिरिक्त 151 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 16 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए भी मतदान सम्पन्न हुआ।

उन्होंने बताया कि मतदान समाप्ति के उपरांत 28 जुलाई की रात को ही सुरक्षा व्यवस्था के बीच 545 पोलिंग पार्टियों ने अपने-अपने विकासखंडों के स्ट्रांग रूम में मतपेटिकाएं जमा कर दी थीं। मंगलवार को दूरस्थ क्षेत्रों की शेष 3 पोलिंग पार्टियां – द्वारीखाल की 2 और दुगड्डा की 1 – भी सुरक्षित रूप से पहुंचकर मतपेटियां जमा कर चुकी हैं।

इस दौरान संबंधित उप जिलाधिकारियों ने मतदान स्थलों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने शांतिपूर्ण एवं सफल चुनाव प्रक्रिया के लिए सभी रिटर्निंग अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों, पुलिस बल, मतदान कार्मिकों व मतदाताओं का आभार जताया।

उन्होंने बताया कि जनपद में दोनों चरणों में कुल 61.25% मतदान दर्ज किया गया। कुल 4,37,180 पंजीकृत मतदाताओं में से 2,67,724 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 1,38,464 महिलाएं और 1,29,322 पुरुष शामिल हैं।

मतदान प्रक्रिया के संचालन में 15 रिटर्निंग ऑफिसर (RO), 150 सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO), 15 जोनल मजिस्ट्रेट, 98 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 15 प्रभारी अधिकारी, कुल 1191 पोलिंग पार्टियां और लगभग 5955 कार्मिकों ने अपनी भूमिका निभाई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 31 जुलाई को होने वाली मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *