उत्तराखंडपौड़ी

पोलिंग पार्टियों की वापसी तक सड़कों की निगरानी व कंट्रोल रूम सतर्क: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया

पौड़ी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के दृष्टिगत विकास भवन स्थित निर्वाचन कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और चुनाव पश्चात पोलिंग पार्टियों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक अंतिम पोलिंग पार्टी वापस नहीं लौट जाती, तब तक कंट्रोल रूम पूरी तरह सतर्कता और सक्रियता से कार्य करता रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी पोलिंग पार्टी को लौटने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या मार्ग अवरोध का सामना करना पड़े, तो तत्काल समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सड़कों की स्थिति पर विशेष नजर

उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विकासखंडों में सड़कों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखें। मोटर मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खुलवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला ने जानकारी दी कि वर्तमान में सभी मोटर मार्ग खुले हैं और किसी भी मार्ग के बंद होने की सूचना मिलने पर तुरंत कार्यवाही की जा रही है।

मतदान आंकड़ों की सटीक रिपोर्टिंग पर जोर

जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम को निर्देशित किया कि मतदान से संबंधित सभी सूचनाएं समयबद्ध और विकासखंडवार स्पष्ट रूप से संकलित कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि अंतिम रिपोर्ट में कोई त्रुटि न रह सके।

29 पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को लौटेंगी

जिलाधिकारी ने बताया कि 643 पोलिंग पार्टियों में से विकासखंड बीरोंखाल की 2 एवं थलीसैण की 27 पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को अपने गंतव्यों की ओर लौटेंगी। इनकी निगरानी विशेष रूप से की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला मत्स्य अधिकारी/नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम अभिषेक मिश्रा, सहायक नोडल खुशाल सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी ललित गोदियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। साथ ही जिलाधिकारी ने आदर्श आचार संहिता से संबंधित पत्रावलियों का भी अवलोकन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *