उत्तराखंडद्वारीखालपौड़ी

जिला पंचायत सीट कुल्हाड़ से भाजपा समर्थित महेन्द्र राणा ने किया नामांकन

पौड़ी/द्वारीखाल। जिला पंचायत चुनाव के तहत द्वारीखाल ब्लॉक की कुल्हाड़ सीट से भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवार महेन्द्र सिंह राणा ने आज अपना नामांकन पत्र सहायक निर्वाचन अधिकारी, जिला पंचायत पौड़ी के समक्ष दाखिल किया। इस अवसर पर उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए महेन्द्र राणा के पौड़ी  पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। राणा के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उत्साह व्यक्त किया।

राजनीति में लंबा अनुभव रखने वाले महेन्द्र सिंह राणा पूर्व में तीन बार कल्जीखाल ब्लॉक और हाल ही में द्वारीखाल के निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने दोनों विकास खंडों में अनेक विकास कार्य कर जनता का विश्वास जीता है।

महेन्द्र राणा को उनके उत्कृष्ट पंचायत नेतृत्व के लिए दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा एक बार पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा राष्ट्रीय पंचायती राज पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। यह उनके कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना का प्रमाण है।

नामांकन के पश्चात दिए गए सम्बोधन में राणा ने कहा: “मुझे हमेशा जनता का प्रेम और समर्थन मिला है। इसी विश्वास के आधार पर जनता के अनुरोध पर मैं जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में उतरा हूं। कल्जीखाल और द्वारीखाल में मैंने जो विकास कार्य किए हैं, वे जनता के सामने हैं। मेरा उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ क्षेत्र का विकास है और मैं उसी के लिए हमेशा समर्पित रहूंगा।

नामांकन के दौरान माहौल पूरी तरह राजनीतिक जोश से भर गया था। कार्यकर्ताओं ने “विकास पुरुष महेन्द्र राणा ज़िंदाबाद”, “भाजपा ज़िंदाबाद” जैसे नारों के साथ अपने नेता के प्रति समर्थन जताया।

महेंद्र राणा की उम्मीदवारी से कुल्हाड़ सीट पर चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है। उनके प्रशासनिक अनुभव और विकास कार्यों के बल पर उन्हें एक मज़बूत प्रत्याशी माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि जनता इस बार उनके विकास के वादों पर कितना भरोसा जताती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *