महाराज के एक्शन के बाद कंपनी का अनुबंध निलंबित
एनएच-119 पर युवक की हत्या के मामले में सख्त कार्रवाई, सतपाल महाराज ने दिए निर्देश
पौड़ी। गुमखाल से सतपुली के बीच एनएच-119 (नया एनएच-534) पर हुए विवाद और एक युवक की दर्दनाक मौत के मामले में प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण एवं जलागम मंत्री सतपाल महाराज ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्यदायी कंपनी मेसर्स कल्याण-शिवालिक इंफ्रा (जेवी) का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

यह मामला 7 जून 2025 की रात का है, जब सड़क निर्माण कार्य के दौरान पोकलेन मशीन चालक और आम नागरिकों के बीच तीव्र विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार, मलबा हटाने और मार्ग खोलने के दौरान डांडामंडी, दुगड्डा निवासी युवक सुमन देवरानी पर पोकलेन मशीन द्वारा हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मंत्री सतपाल महाराज ने इस पूरे घटनाक्रम का विस्तृत संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि न केवल कंपनी का अनुबंध निलंबित किया जाए, बल्कि दोषी पोकलेन चालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाए।
महाराज ने यह भी कहा कि कार्यदायी संस्था को अपने कर्मचारियों के आचरण पर निगरानी रखते हुए शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए थी। लेकिन कंपनी इन बुनियादी सावधानियों में असफल रही, जिससे यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। साथ ही, कई स्थानों पर कटाव के बाद मलबा पूरी तरह नहीं हटाया गया, जिससे यात्रियों को सुरक्षित आवागमन में परेशानी हो रही थी।
मंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए एनएच अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से अनुबंध निलंबन की संस्तुति कर दी है। इस कार्रवाई को क्षेत्रीय जनता ने एक सकारात्मक कदम बताया और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
यह घटना निर्माण कंपनियों की जवाबदेही और निगरानी की गंभीरता को फिर एक बार उजागर करती है। वहीं सरकार की तत्परता और सख्त निर्णय ने आम लोगों का भरोसा कायम रखा है।
