देहरादून

यूएलएमएमसी में नियुक्ति प्रक्रिया पर उठे सवाल, मोहित डिमरी ने स्वतंत्र जांच की मांग की

वर्ष 2023 में योग्यता के मानकों में बदलाव, चयनित अभ्यर्थी के अनुभव और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठाई आपत्ति

देहरादून। उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर (यूएलएमएमसी) में प्रिंसिपल कंसल्टेंट पद पर हुई नियुक्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता मोहित डिमरी ने नियुक्ति प्रक्रिया, पात्रता के मानकों में बदलाव, चयनित अभ्यर्थी के अनुभव और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मोहित डिमरी के अनुसार, यूएलएमएमसी का गठन राज्यपाल की स्वीकृति के बाद 14 मार्च 2022 को जारी शासनादेश के तहत किया गया था। इसमें प्रिंसिपल कंसल्टेंट के तीन पद स्वीकृत किए गए थे। निर्धारित योग्यता में जियोटेक्निकल इंजीनियरिंग, सॉयल मैकेनिक्स अथवा स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर के साथ भूस्खलन प्रबंधन के क्षेत्र में कम से कम 10 वर्ष का अनुभव अनिवार्य था। नियुक्ति में प्रतिनियुक्ति को प्राथमिकता और आवश्यकता पड़ने पर संविदा नियुक्ति का प्रावधान था।

डिमरी ने सवाल उठाया कि 24 जून 2023 को जारी विज्ञप्ति में योग्यता के मानकों में बदलाव करते हुए एमएससी एप्लाइड जियोलॉजी और इंजीनियरिंग जियोलॉजी को भी शामिल किया गया। साथ ही पीएचडी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता तथा शोध एवं परियोजनाओं के अनुभव को भी अनुभव की श्रेणी में शामिल करने का प्रावधान किया गया। उन्होंने पूछा कि योग्यता में बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी और इसके पीछे विशेषज्ञ समिति की क्या अनुशंसा थी। उन्होंने संबंधित बैठक की कार्यवाही और आधारभूत दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।

### 10 आवेदन, छह अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

डिमरी के मुताबिक, वर्ष 2023 की विज्ञप्ति के बाद प्रिंसिपल कंसल्टेंट पद के लिए 10 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से छह अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों में लोक निर्माण विभाग में कार्यरत एक व्यक्ति भी शामिल था, लेकिन शासनादेश में प्रतिनियुक्ति को प्राथमिकता दिए जाने के बावजूद उसे नियुक्ति क्यों नहीं मिली। उन्होंने चयन समिति के मूल्यांकन और निर्णय से संबंधित रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की।

### चयनित अभ्यर्थी के अनुभव को लेकर सवाल

चयनित अभ्यर्थी मोहित कुमार के अनुभव को लेकर भी डिमरी ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2023 में आवेदन के समय अभ्यर्थी का अनुभव 10 वर्ष बताया गया था, जबकि बाद में यूएलएमएमसी की वेबसाइट पर कुल अनुभव 15 वर्ष दर्शाया गया। उन्होंने पूछा कि वर्ष 2023 से 2026 के बीच लगभग पांच वर्ष के अनुभव की वृद्धि किस आधार पर दर्शाई गई है।

डिमरी ने अनुभव की गणना का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। इसमें संबंधित संस्थानों, कार्यकाल, परियोजनाओं और अनुभव प्रमाण-पत्रों की अवधि का सत्यापन शामिल हो। उन्होंने पीएचडी की अवधि तथा शोध एवं परियोजना अनुभव को अनुभव में शामिल करने के नियम और संबंधित शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने के बाद के अनुभव की स्थिति भी स्पष्ट करने को कहा।

### आरटीआई में जानकारी नहीं देने पर भी उठाए सवाल

डिमरी ने बताया कि नियुक्त प्रिंसिपल कंसल्टेंट की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी लोक सूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी से मांगी गई थी, लेकिन उपलब्ध जवाब में इसे व्यक्तिगत सूचना बताते हुए देने से इनकार किया गया।

उन्होंने कहा कि सरकारी पद पर नियुक्ति और पात्रता को लेकर सवाल उठने पर नियुक्ति प्रक्रिया तथा योग्यता परीक्षण से संबंधित वैधानिक रिकॉर्ड की पारदर्शी जांच होनी चाहिए।

### वर्ष 2022 से 2026 तक की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल

डिमरी के अनुसार, वर्ष 2022 में स्वीकृत शासनादेश के अनुरूप विज्ञप्ति जारी हुई थी, लेकिन किसी अभ्यर्थी का चयन नहीं हुआ। इसके बाद वर्ष 2023 में योग्यता के मानकों में बदलाव कर नई विज्ञप्ति जारी की गई, जिसके तहत नियुक्ति हुई। वहीं वर्ष 2026 में शेष पदों के लिए जारी विज्ञप्ति में फिर मूल शासनादेश के अनुरूप योग्यता और अनुभव के आधार पर आवेदन मांगे गए।

उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रमों को देखते हुए वर्ष 2023 में नियमों में बदलाव और वर्ष 2026 में मूल मानकों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया अपनाने के कारणों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

### रिश्तेदारों को काम दिलाने के आरोपों की जांच की मांग

डिमरी ने चयनित प्रिंसिपल कंसल्टेंट से जुड़े उन आरोपों की भी स्वतंत्र जांच की मांग की, जिनमें रिश्तेदारों के साथ मिलकर विभागीय योजनाओं में उपठेकेदार के रूप में काम करने और विभाग में नौकरी व ठेके दिलाने में भूमिका निभाने की बात कही गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन आरोपों को प्रमाणित तथ्य के रूप में प्रस्तुत नहीं किया जा रहा, बल्कि जांच का विषय माना जा रहा है।

### पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग

मोहित डिमरी ने कहा कि उनका सवाल किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने का नहीं, बल्कि सरकारी नियुक्तियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का है। यदि नियुक्ति नियमों के अनुसार हुई है तो सरकार संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करे और यदि कहीं अनियमितता हुई है तो निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सरकार से चयन प्रक्रिया सार्वजनिक करने, वर्ष 2023 में चयनित अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव की जांच, नियमों में बदलाव का आधार सार्वजनिक करने, चयन समिति की बैठक एवं मूल्यांकन रिकॉर्ड सामने लाने, अनुभव प्रमाण-पत्रों का स्वतंत्र सत्यापन और रिश्तेदारों को काम अथवा नियुक्ति दिलाने से जुड़े आरोपों की जांच कराने की मांग की।

डिमरी ने कहा कि व्यवस्था में भ्रष्टाचार केवल पैसे के लेन-देन तक सीमित नहीं है। नियमों में बदलाव, चयन प्रक्रिया और योग्यता को लेकर उठने वाले सवालों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं पर युवाओं का विश्वास तभी मजबूत होगा, जब नियुक्तियां स्पष्ट नियमों, पारदर्शी प्रक्रिया और योग्यता के आधार पर हों। उन्होंने पूरे मामले की समयबद्ध स्वतंत्र जांच कर तथ्य सार्वजनिक करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *