पौड़ी

लोक निवास में शबद-कीर्तन समागम, गुरु नानक देव जी की वाणी से गूंजा प्रकाश पर्व

गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के संदेश को बताया विश्व कल्याण का मार्ग; उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आयोजन में स्वामी चिदानन्द सरस्वती रहे सान्निध्य में

नई दिल्ली। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर दिल्ली स्थित लोक निवास में विशेष शबद-कीर्तन समागम आयोजित किया गया। दिल्ली के उपराज्यपाल श्री तरनजीत सिंह संधू की ओर से आयोजित समागम में परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती का पावन सान्निध्य रहा। शबद-कीर्तन और गुरु वाणी के माध्यम से प्रेम, सेवा, समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया गया।

समागम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री कपिल मिश्रा, पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष निर्मल जैन, गुरुद्वारों के सम्मानित सिंह साहिबान सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं को संपूर्ण मानवता के लिए प्रेम, सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक जागरण का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और वाणी से यह संदेश दिया कि ईश्वर एक है और समस्त मानवता उसी परम सत्ता की संतान है। उनकी शिक्षाएं समाज में समानता, सद्भाव और एकत्व की भावना को मजबूत करती हैं।

स्वामी जी ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ केवल आध्यात्मिक साधना का सूत्र नहीं, बल्कि आदर्श सामाजिक व्यवस्था का आधार है। ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से कर्म करना तथा अपनी कमाई और संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करना ही संवेदनशील, समरस और सशक्त समाज की पहचान है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है। कहीं युद्ध और संघर्ष हैं, कहीं धार्मिक एवं सामाजिक विभाजन है, तो कहीं प्रकृति और पर्यावरण के प्रति उपेक्षा बढ़ रही है। ऐसे दौर में गुरु नानक देव जी की वाणी और जीवन दर्शन मानव समाज को शांति, सद्भाव, करुणा और एकता का मार्ग दिखाते हैं।

लोक निवास में आयोजित शबद-कीर्तन समागम गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के प्रति श्रद्धा अर्पित करने के साथ भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की समृद्ध परंपरा को सम्मान देने का अवसर बना। समागम में गुरु वाणी और कीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ तथा मानव कल्याण के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।

गुरु नानक देव जी का संदेश आज भी मानव समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है, सेवा सच्ची साधना है और प्रेम ईश्वर तक पहुंचने का सर्वोत्तम मार्ग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *