दिल्ली से गांव लौटीं सम्पत्ति देवी, मुर्गी पालन से खड़ा किया स्वरोजगार का कारोबार
ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से स्थापित की मदर यूनिट, प्रतिदिन 2,500 रुपये की बिक्री से परिवार को मिल रहा आर्थिक संबल
पौड़ी। कोरोना काल में दिल्ली से गांव लौटने के बाद सम्पत्ति देवी ने परिस्थितियों को अवसर में बदलते हुए मुर्गी पालन को स्वरोजगार का माध्यम बनाया। विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम देवल निवासी सम्पत्ति देवी आज गांव में ही मुर्गी पालन की मदर यूनिट संचालित कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग और अपनी मेहनत से उन्होंने छोटे स्तर पर शुरू किए गए व्यवसाय को व्यवस्थित उद्यम का रूप दिया है।

वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उनके पति नागेन्द्र सिंह दिल्ली से गांव लौटे थे। इसके बाद परिवार ने शहर की ओर वापस जाने के बजाय गांव में ही रोजगार शुरू करने का निर्णय लिया। राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह की सदस्य सम्पत्ति देवी ने पति के सहयोग से सीमित संसाधनों में मुर्गी पालन शुरू किया। शुरुआती अनुभवों से उत्साहित होकर उन्होंने व्यवसाय को विस्तार देने की योजना बनाई।
उनके इस प्रयास को आगे बढ़ाने में ग्रामोत्थान परियोजना का सहयोग अहम रहा। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुर्गी पालन व्यवसाय के लिए तीन लाख रुपये की योजना स्वीकृत हुई, जिसमें डेढ़ लाख रुपये बैंक ऋण, 75 हजार रुपये परियोजना अनुदान और 75 हजार रुपये लाभार्थी अंशदान शामिल है। इस धनराशि से उन्होंने मुर्गियों के लिए सुरक्षित शेड तैयार करने के साथ उन्नत नस्ल के चूजों, दाना-पानी और जरूरी उपकरणों की व्यवस्था की।
वर्तमान में उनकी मदर यूनिट में लगभग 300 से 400 मुर्गियां और 100 चूजे हैं। इकाई से प्रतिदिन औसतन 2,500 रुपये की बिक्री हो रही है, जिससे मासिक बिक्री करीब 75 हजार रुपये तक पहुंच रही है। दाना, दवा, बिजली और अन्य संचालन खर्चों के बाद उन्हें लगभग 18,750 रुपये प्रतिमाह का शुद्ध परिचालन लाभ मिल रहा है।
ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट के अनुसार, सम्पत्ति देवी का उद्यम ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं का उदाहरण है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ाव और परियोजना के वित्तीय सहयोग ने उन्हें व्यवसाय को व्यवस्थित रूप देने में मदद की है। उनका प्रयास अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी स्थानीय संसाधनों के आधार पर आजीविका विकसित करने के लिए प्रेरित कर रहा है।
दिल्ली से गांव लौटकर रोजगार तलाशने के बजाय अपना रोजगार खड़ा करने का सम्पत्ति देवी का निर्णय आज उनके परिवार के लिए आर्थिक संबल बन रहा है। उनकी कहानी साबित करती है कि मेहनत, सही दिशा और सहयोग मिले तो गांव में रहकर भी आत्मनिर्भरता की राह बनाई जा सकती है।

