राष्ट्रीय

मां यमुना के संरक्षण को लेकर नई दिल्ली में ‘मां यमुना जन संकल्प राष्ट्रीय अभियान’ आयोजित

भारत मंडपम में संतों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने लिया यमुना संरक्षण का संकल्प, स्वामी चिदानंद सरस्वती ने जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

नई दिल्ली। मां यमुना के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से यमुना परिवार काउंसिल की ओर से भारत मंडपम, नई दिल्ली में ‘मां यमुना जन संकल्प राष्ट्रीय अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संतों, जनप्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं, पर्यावरणविदों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने यमुना की निर्मलता एवं अविरलता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती का सान्निध्य रहा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, कपिल गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने अपने संबोधन में कहा कि मां यमुना केवल नदी नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति, भक्ति, अध्यात्म और करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। यमुना की प्रत्येक जलधारा में हमारी आस्था, परंपराएं और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य प्रवाहित होता है। यमुना संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अस्मिता, राष्ट्रीय चेतना और मानवीय जिम्मेदारी का विषय है।

उन्होंने कहा कि हम नदियों को मां कहकर पूजते हैं, उनकी आरती करते हैं और उन्हें प्रणाम करते हैं, लेकिन सच्ची श्रद्धा तभी सार्थक होगी जब हम उनकी स्वच्छता और पवित्रता की रक्षा भी करेंगे। नदी की आरती हमारी आस्था है, नदी की स्वच्छता हमारा कर्तव्य और उसकी अविरलता आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। अब नदी संरक्षण को जीवन का संस्कार बनाने की आवश्यकता है।

स्वामी चिदानंद ने कहा कि नदियों को केवल जल स्रोत या उपयोग की वस्तु के रूप में नहीं, बल्कि जीवंत पारिस्थितिक तंत्र के रूप में समझना होगा। नदियों का प्राकृतिक प्रवाह, जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। नदी को बचाना केवल जल संरक्षण नहीं, बल्कि उसमें आश्रित जीव-जंतुओं, वनस्पतियों और संपूर्ण सृष्टि के जीवन की रक्षा करना है।

उन्होंने कहा कि विज्ञान नदी को स्वच्छ करने की तकनीक प्रदान करता है, जबकि अध्यात्म नदी को स्वच्छ रखने की प्रेरणा देता है। जब विज्ञान, शासन, समाज की सहभागिता और संतों की आध्यात्मिक चेतना एक साथ आएगी, तभी नदियों के पुनर्जीवन का संकल्प साकार हो सकेगा।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने युवाओं और बच्चों से नदी संरक्षण के दूत बनने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार जल की हर बूंद का सम्मान करे, संस्थान अपशिष्ट प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएं और प्रत्येक नागरिक नदियों को प्रदूषित न करने का संकल्प ले। दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकते हैं।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, दीप प्रज्ज्वलन, विशिष्ट अतिथियों का सम्मान, यमुना पुरस्कार वितरण, सामूहिक संरक्षण संकल्प और मां यमुना की भव्य आरती आयोजित की गई।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने आह्वान किया कि यमुना की निर्मलता का अभियान किसी एक दिन, संस्था या आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि जन-जन का आंदोलन बने। जल संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता प्रत्येक नागरिक के जीवन का हिस्सा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश में ऐसा वातावरण बने, जहां नदियों के तट पर भक्ति के स्वर गूंजें और नदी का जल भी निर्मल रहे, विकास के साथ प्रकृति का संरक्षण हो तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके। मां यमुना के प्रति श्रद्धा को सेवा, आस्था को संकल्प और संकल्प को जनआंदोलन में परिवर्तित करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *