पौड़ी

मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले का किया शुभारंभ, श्रीनगर को साइंस सिटी की सौगात

श्रीनगर में पुष्पवर्षा, ढोल-दमाऊं और जयकारों से हुआ स्वागत; पांच प्रयागों व धारी देवी में हाईटेक घाट, जल्द शुरू होगी देहरादून के लिए हेली सेवा

श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर शहर में पुष्पवर्षा, ढोल-दमाऊं और जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया गया। खुली जीप में सवार मुख्यमंत्री के अभिनंदन के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जुटे। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, पांच प्रयागों और धारी देवी मंदिर के समीप हाईटेक घाट बनाने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी ली। पहाड़ी संस्कृति से जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा। इसके बाद कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी और पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी सहित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महापौर आरती भंडारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए श्रीनगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के साथ विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि अलकनंदा के तट पर बसी यह नगरी अपनी ऐतिहासिक पहचान के साथ देशभर में विशिष्ट स्थान रखती है। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने श्रीनगर को शैक्षणिक पहचान दिलाई है। यहां से शिक्षा प्राप्त युवा देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कमलेश्वर महादेव मंदिर की पौराणिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मान्यता है भगवान विष्णु ने यहां भगवान शिव की आराधना कर सहस्र कमल पुष्प अर्पित किए थे, जिससे प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान किया। वहीं भगवान श्रीराम ने रावण वध के बाद ब्रह्महत्या दोष से मुक्ति के लिए यहां 108 कमल पुष्पों से शिव की पूजा की थी। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल मनोरंजन और व्यापार का आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का उत्सव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन और गोल्ज्यू कॉरिडोर जैसी योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को नई पहचान दी जा रही है। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि करने का निर्णय लिया है। बैणी भुली योजना के लाभार्थियों को दो किश्तों में भुगतान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नकलविरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

### श्रीनगर को विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना अंतिम चरण में है, जिसे जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य जारी है। श्रीनगर में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर अब तक लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास, आधुनिक बस स्टैंड एवं पार्किंग विकसित की जा रही है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क को दो लेन करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। नैथाणा और रानीहाट रेलवे स्टेशन का निर्माण भी प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, जिनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सड़क एवं नाली निर्माण और पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है।

### साइंस सिटी, हाईटेक घाट और हेली सेवा की घोषणा

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। साथ ही श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन को स्वीकृति देने की बात कही।

उन्होंने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में हाईटेक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं को लाभ मिलेगा। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की गई।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर को उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र को अनेक विकास योजनाओं की सौगात मिली है। श्रीनगर में 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जबकि लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी निर्माण गतिमान है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण का विमोचन किया। साथ ही शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा, कृष्णा त्रिपाठी सहित अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *