बैणी-भुली योजना को मोहित डिमरी ने बताया चुनावी रिश्वत, बोले—5 साल में प्रतिदिन मिलेंगे महज 11 रुपये
हर परिवार में एक सदस्य को स्थायी रोजगार देने की मांग, महिलाओं को चुनावी प्रलोभन में न आने की अपील
देहरादून। उत्तराखंड सरकार की बैणी-भुली योजना को मूल निवास, भू-कानून समन्वय संघर्ष समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने चुनावी रिश्वत करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले महिलाओं को 10 हजार रुपये और चुनाव के बाद शेष 10 हजार रुपये देने की घोषणा मतदाताओं को प्रभावित करने की रणनीति है।

मोहित डिमरी ने कहा कि सरकार पांच लाख से अधिक महिलाओं को 20 हजार रुपये देने की बात कर रही है, लेकिन इस राशि को पांच साल के कार्यकाल के हिसाब से देखें तो प्रतिदिन महज 10 रुपये 95 पैसे बैठती है। उन्होंने सवाल उठाया कि बढ़ती महंगाई के दौर में करीब 11 रुपये प्रतिदिन से किसी परिवार का भरण-पोषण कैसे संभव है।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत पहली किस्त दिसंबर में चुनाव से पहले और दूसरी किस्त चुनाव के बाद देने की बात कही जा रही है। उनके अनुसार, दो किस्तों में धनराशि देने का यह तरीका महिलाओं को पहले आर्थिक लाभ देकर वोट प्रभावित करने और बाद में सत्ता में वापसी का लालच देने की मंशा दर्शाता है।
डिमरी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति किसी खैरात या भीख की मोहताज नहीं है, बल्कि स्वाभिमान और मेहनत से जीवन यापन करती है। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं का सम्मान करना चाहती है तो पांच साल में एक बार 20 हजार रुपये देने के बजाय प्रतिमाह 20 हजार रुपये की सम्मान राशि देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणाओं और आर्थिक प्रलोभनों के बजाय सरकार को प्रत्येक परिवार के एक सदस्य के लिए स्थायी रोजगार सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना चाहिए। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और पहाड़ों से पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
मोहित डिमरी ने प्रदेश की माताओं और बहनों से अपील की कि योजना की राशि जनता के टैक्स से आती है, इसलिए वे चुनावी प्रलोभनों में न आएं और अपने बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा स्थायी रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए मतदान करें।

