पौड़ी

देवलेश्वर महादेव के जयकारों से गूंजा गगवाड़स्यूं, कमलव्यूह मंचन बना आकर्षण

बैकुंठ चतुर्दशी मेले में 34 से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, जिलाधिकारी ने संस्कृति व परंपराओं के प्रचार-प्रसार पर दिया जोर

पौड़ी। गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित मेले में रविवार को आस्था, लोक संस्कृति और पौराणिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। देवलेश्वर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। घाटी के 34 से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

वर्ष 2016 में शुरू हुआ यह आयोजन इस वर्ष 11वें पड़ाव पर पहुंचा। मेले को लेकर क्षेत्रीय लोगों में खासा उत्साह रहा। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी क्षेत्र की पहचान उसकी भौगोलिक विशेषताओं के साथ-साथ संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से भी बनती है। देवलेश्वर महादेव मंदिर इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। ऐसे आयोजन पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का माध्यम हैं। उन्होंने मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि इससे अन्य क्षेत्रों के लोग भी यहां पहुंचकर स्थानीय लोक संस्कृति से परिचित होंगे और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि वह पिछले वर्ष भी यहां आई थीं। उस दौरान स्थायी मंच सहित अन्य सुविधाओं के विकास के सुझाव दिए गए थे, जिनके अनुरूप अब मंदिर परिसर में निर्माण कार्य किए गए हैं। उन्होंने मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए भविष्य में भी इसके विकास के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही।

मंदिर समिति के सदस्य जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि पिछले वर्ष जिलाधिकारी को दिए गए सुझावों के क्रम में मंदिर परिसर में देवपथ, टीनशेड, हॉल, मंच और परिक्रमा पथ का निर्माण कराया गया है। मंदिर के ऊपरी हिस्से में पारंपरिक शिल्प शैली को ध्यान में रखकर कार्य किया गया है। साथ ही मंदिर के इतिहास, स्थापत्य और धार्मिक विरासत की जानकारी देने वाले सूचना-पट्ट भी लगाए गए हैं। इन कार्यों से श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ने के साथ मंदिर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को भी बेहतर स्वरूप मिला है।

मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कृष्णानंद नौटियाल के नेतृत्व में प्रस्तुत ‘कमलव्यूह’ नाट्य मंचन विशेष आकर्षण रहा। महाभारत के पौराणिक प्रसंग पर आधारित इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और प्रसंगों के सजीव चित्रण से दर्शक महाभारत काल के घटनाक्रम से जुड़ते नजर आए। मंचन के दौरान तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया गया।

कार्यक्रम में तहसीलदार राजेंद्र सिंह गोस्वामी, ग्राम प्रधान बलोड़ी पूजा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा (सेवानिवृत्त), मुख्य पुजारी सुधीर बड़थ्वाल, प्रमोद मंद्रवाल, संचालक नागेंद्र जुगराण, सत्यभामा जुगराण, गोपाल ममगाईं, केसर सिंह कठैत, विक्रम सिंह रावत, उत्तर रावत, दौलत रावत, यशवंत थपलियाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *