पौड़ी

देवभूमि पिचाथॉन में 18 उद्यमियों ने निवेशकों के सामने प्रस्तुत किए बिजनेस आइडिया, जीवन ऑर्गेनिक्स रहा प्रथम

ऋषिकेश में स्टार्टअप्स को निवेश और बाजार विस्तार के लिए मिला मंच, मिहो ने दूसरा और ओम इंटीरियर्स ने तीसरा स्थान हासिल किया

पौड़ी। प्रदेश में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट हॉल में आयोजित तीन दिवसीय देवभूमि पिचाथॉन-2026 के दूसरे दिन उद्यमियों, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों के बीच संवाद हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 18 उद्यमियों ने अपने व्यावसायिक विचार, उत्पाद और बिजनेस मॉडल निवेशकों के सामने प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने उद्यमियों को निवेश जुटाने, बाजार की मांग समझने, ब्रांडिंग और व्यवसाय विस्तार के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

जिला उद्योग केंद्र की ओर से 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को निवेशकों से जोड़ना तथा उनके व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में सिडकुल निर्माता संघ के सचिव विवेक चौहान, क्वांटिया ग्रेविटास (यूएई) के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. मुनीश जिंदल, पंजाब एंजल्स नेटवर्क के सीईओ सीए साहिल मक्कर, ए स्क्वायर मीडिया के सीएमओ अमित मदान, फाउंडरएक्स के मानद महानिदेशक अरुण चंगरानी और सीईओ डॉ. नैन्सी जुनेजा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया।

विशेषज्ञों ने वेंचर कैपिटल फंडिंग, वित्तीय साक्षरता, बाजार की संभावनाओं, विपणन और मेंटरशिप के महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी स्टार्टअप को सफल उद्यम के रूप में स्थापित करने के लिए बेहतर व्यावसायिक योजना, बाजार की समझ, वित्तीय प्रबंधन और दूरदर्शी रणनीति आवश्यक है। वरिष्ठ सलाहकार संतोष नौटियाल ने भी उद्यमियों को निवेश और व्यवसाय विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

इकारा फाइनेंशियल्स प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक एवं सीईओ अनिमा मिश्रा ने ‘द वीसी प्लेबुक : फ्रॉम स्टार्टअप टू इन्वेस्टमेंट रेडी’ विषय पर प्रस्तुति देते हुए निवेशकों की अपेक्षाओं और स्टार्टअप्स को निवेश के लिए तैयार करने की प्रक्रिया समझाई। इसके बाद ‘द कैपिटल कैटलिस्ट’ विषय पर पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने स्टार्टअप्स को निवेश योग्य बनाने के मानकों, व्यावहारिक अनुभवों और संभावनाओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम में महिला नेतृत्व एवं उद्यमिता पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। ‘वुमन इम्पैक्ट लीडरशिप’ विषय पर वक्ताओं ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में उनकी भूमिका पर विचार साझा किए।

पिचाथॉन में आयुर्वेद, खाद्य प्रसंस्करण, हथकरघा, हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों और स्थानीय एवं पहाड़ी उत्पादों से जुड़े उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल भी लगाए। निवेशकों के समक्ष प्रस्तुतियों के बाद उद्यमियों को उनके व्यावसायिक मॉडल, उत्पादों की संभावनाओं और बाजार विस्तार के संबंध में सुझाव दिए गए।

प्रतियोगिता में जीवन ऑर्गेनिक्स ने प्रथम, मिहो ने द्वितीय और ओम इंटीरियर्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। आयोजन में सहयोग देने वाले विशेषज्ञों और टीम सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक आरपी आर्य, सहायक प्रबंधक अंकित सिंह, विजेंद्र सिंह, देवेंद्र नाथ, विनय कुमार, रवींद्र सिंह, देवेंद्र मेहता, कमल जयकृत सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *