पौड़ी

पौड़ी में धूमधाम से मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया नमन

पौड़ी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय पौड़ी स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर सूचना विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका **‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’** का विमोचन किया गया। वहीं, बाल विकास विभाग के पांच लाभार्थियों को किशोरी किट तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड का निर्माण लंबे संघर्ष, जनआंदोलन और राज्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाएं राज्य आंदोलन के इतिहास का ऐसा अध्याय हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने शिक्षा, साक्षरता, सड़क, स्वास्थ्य, पर्यटन और कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी से आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से संभव हुआ है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं और आम जनता का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत और विकासखंड स्तर पर राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनता की एकजुटता का परिणाम है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य आंदोलनकारी बीरा भंडारी ने कहा कि राज्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। युवा पीढ़ी को राज्य आंदोलन के इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराना जरूरी है, ताकि वे राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों को समझ सकें।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा राज्य स्थापना दिवस पर जनपद की ग्राम पंचायतों में व्यापक सफाई अभियान भी चलाया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, डीएफओ महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, दिव्येश उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *