ऋषिकेश

परमार्थ निकेतन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा-अन्नकूट महोत्सव

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में गोवर्धन पूजा-अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती, शुभांकर मिश्रा, भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों से पहुंचे श्रद्धालुओं और परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों ने गौ पूजन एवं अन्नकूट पूजा कर प्रकृति, गौमाता और अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, संरक्षण और सहअस्तित्व का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति के सम्मान, सामूहिक शक्ति और अहंकार से मुक्ति का अद्भुत दर्शन है। वर्तमान समय में जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण प्रदूषण, जल संकट और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में गोवर्धन पूजा का संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है। प्रकृति की पूजा तभी सार्थक है, जब उसकी रक्षा हमारे जीवन का संस्कार बने।

उन्होंने कहा कि धरती केवल हमारे उपयोग की वस्तु नहीं, बल्कि हमारी माता, जीवनदायिनी और भावी पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है। हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए उसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।

परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों ने गौ पूजन एवं अन्नकूट पूजा के माध्यम से भारतीय संस्कृति के सेवा, श्रद्धा, करुणा और कृतज्ञता जैसे संस्कारों को आत्मसात किया। स्वामी जी ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति में पोषण, संवेदना, त्याग और सहअस्तित्व की प्रतीक हैं। गौ पूजन प्रत्येक जीव के प्रति करुणा, सम्मान और संरक्षण का भाव विकसित करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि अन्न का सम्मान, किसान का सम्मान, गौमाता का सम्मान और प्रकृति का संरक्षण सनातन जीवनदृष्टि के अभिन्न अंग हैं। जब पूजा सेवा में, भक्ति करुणा में और श्रद्धा लोकमंगल के संकल्प में परिवर्तित होती है, तभी पर्वों का वास्तविक उद्देश्य पूर्ण होता है।

महोत्सव के समापन पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और सद्भाव की मंगलकामना करते हुए प्रकृति संरक्षण, अन्न के सम्मान और समस्त जीवों के प्रति करुणा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *