पौड़ी

गुलदार प्रभावित गांवों में बढ़ेगी गश्त और निगरानी, कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

संवेदनशील क्षेत्रों में मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था, गुलदार पकड़ने के लिए जरूरत के अनुसार लगाए जाएंगे पिंजरे

पौड़ी। जनपद में बढ़ती मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वन विभाग को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रविवार को पौड़ी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री ने गुलदार प्रभावित और संवेदनशील गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें सक्रिय रहें और नियमित गश्त के साथ गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।

उन्होंने अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार पिंजरे लगाने और गुलदार को पकड़ने के लिए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अल्पकालिक उपायों के साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसा निगरानी तंत्र विकसित किया जाए, जिससे गुलदार की गतिविधियों और संभावित खतरे की समय रहते जानकारी मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *