पौड़ी

अहिल्या उद्धार से सीता विदाई तक, उत्तिण्डा की रामलीला में जीवंत हुए रामायण के प्रसंग

द्वारीखाल। ग्राम उत्तिण्डा में आदर्श श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला मंचन के दौरान मंगलवार को सीता स्वयंवर की लीला का भव्य मंचन किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने और सीता स्वयंवर प्रसंग का मंचन देखकर उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे। वहीं, ऑनलाइन प्रसारण के माध्यम से जुड़े दर्शकों ने भी रामलीला का आनंद लिया।

मंचन के दौरान अहिल्या उद्धार, पुष्प वाटिका, रावण-बाणासुर संवाद, परशुराम-लक्ष्मण संवाद, श्रीरामचंद्र जी की बारात तथा माता सीता की विदाई की लीलाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से सीता विदाई के दृश्य ने सभी को भावुक कर दिया। विवाह के बाद माता-पिता का घर छोड़कर ससुराल जा रही माता सीता के मार्मिक अभिनय के साथ राजा जनक और रानी सुनयना के विलाप ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। इस दृश्य में कलाकारों ने बेटी की विदाई के समय माता-पिता के मन में उठने वाली भावनाओं को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

 

राम की भूमिका में नीरज बलूनी, लक्ष्मण के रूप में संदीप रावत, सीता की भूमिका में प्रीति कोहली, विश्वामित्र के रूप में शिव सिंह तथा दशरथ की भूमिका में चक्रधर बलूनी ने शानदार अभिनय किया। वहीं कौशल्या के रूप में प्रीति रावत, रावण के रूप में सुनील भदूला, बाणासुर के रूप में ध्रुव सिंह रावत, परशुराम के रूप में खुशीराम बलूनी, अहिल्या के रूप में राजेश जुगरान, वशिष्ठ की भूमिका में कुलदीप सिंह रावत, राजा जनक के रूप में गब्बर सिंह रावत तथा रानी सुनयना के रूप में रीता नेगी ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

मंच संचालन डॉ. मनीष जुगरान ने किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, जसपाल सिंह रावत, गिरीश सिंह, विभांशु बलूनी, पूरण सिंह सहित अनेक ग्रामीण एवं रामलीला प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *