पौड़ी

उत्तिण्डा में रामलीला का शुभारंभ, दिवंगत कलाकारों को श्रद्धांजलि देकर शुरू हुआ मंचन

द्वारीखाल। आदर्श रामलीला समिति उत्तिण्डा के तत्वावधान में रविवार 8 नवंबर से रामलीला का विधिवत शुभारंभ हो गया। प्रथम दिवस पर मुख्य अतिथि अंकित खांकरियाल, महादेव साउंड सतपुली एवं समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत ने रिबन काटकर रामलीला का उद्घाटन किया।

रामलीला मंचन से पूर्व समिति के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय देवधर बलूनी, वर्षों तक रामलीला में अभिनय एवं सहयोग करने वाले स्वर्गीय महेश चंद्र कोठारी सहित अन्य दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को नमन किया। इसके बाद रामलीला का मंचन शुरू हुआ।

प्रथम दिवस की लीला में श्रवण कुमार अपने नेत्रहीन माता-पिता को तीर्थयात्रा पर लेकर जाते हैं। इसी दौरान अयोध्या के राजा दशरथ शिकार के भ्रम में उन पर बाण चला देते हैं। श्रवण कुमार की मृत्यु का समाचार सुनकर उनके माता-पिता पुत्र वियोग में प्राण त्याग देते हैं।

इसके बाद रावण, कुंभकर्ण और विभीषण की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी द्वारा उन्हें वरदान देने का प्रसंग मंचित किया गया। नारद मुनि के कहने पर रावण द्वारा कैलाश पर्वत उठाने की लीला भी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं रावण द्वारा राक्षसों को ऋषि-मुनियों से कर वसूलने भेजने का प्रसंग दिखाया गया। ऋषि-मुनियों ने कर के रूप में अपना रक्त दिया और श्राप दिया कि इस घड़े का मुंह खुलते ही राक्षसों का सर्वनाश हो जाएगा। इसके बाद रावण ने ऋषियों के रक्त से भरे घड़े को उत्तर दिशा में राजा जनक के राज्य में जमीन में दबाने के लिए राक्षसों को भेज दिया।

इन कलाकारों ने निभाई भूमिकाएं

प्रथम दिवस की रामलीला में दशरथ की भूमिका चक्रधर प्रसाद बलूनी, श्रवण कुमार की शिव सिंह, रावण की संदीप सिंह रावत, कुंभकर्ण की रविंद्र सिंह रावत, विभीषण की राजेश जुगरान, ब्रह्मा की शुभम तथा सेनापति की भूमिका कुलदीप सिंह रावत ने निभाई।

कार्यक्रम में रामलीला समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष नीरज बलूनी, कोषाध्यक्ष रोशन बलूनी, मोहन सिंह रावत, गिरीश सिंह और संजय कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. मनीष जुगरान ने किया।

समिति की ओर से क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला में पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *