पौड़ी

ग्राम डांगी में हर माह की 5 तारीख को बैठेंगे पंचायत प्रशासक, ग्रामीणों की समस्याओं का होगा समाधान

जनता दर्शन में मिली शिकायत पर डीएम ने लिया संज्ञान, पंचायत भवन में आयोजित बैठक में कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। विकासखंड कल्जीखाल की ग्राम पंचायत डांगी में अब ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर ग्राम पंचायत प्रशासक प्रत्येक माह की 5 तारीख को पंचायत भवन में बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे।

इसी क्रम में पंचायत भवन डांगी में प्रशासक एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत अरुण रावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल एवं संशोधन, किसान पेंशन, सोलर लाइट, झाड़ियों की कटाई, जंगली जानवरों से सुरक्षा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के रिक्त पदों को भरने सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। इनमें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और पंचायत से जुड़े कुछ कार्यों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

प्रशासक अरुण रावत ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह प्रत्येक माह की 5 तारीख को पंचायत भवन में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही पंचायत संबंधी कार्यों और समस्याओं के समाधान की सुविधा मिल सकेगी।

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत डांगी में ओबीसी महिला आरक्षित वर्ग के अंतर्गत प्रधान पद रिक्त होने के कारण पंचायत का कार्यभार प्रशासक के रूप में सहायक विकास अधिकारी पंचायत अरुण रावत को सौंपा गया है। जिलाधिकारी को जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत में प्रधान पद रिक्त होने और ग्रामीणों को हो रही परेशानियों के संबंध में शिकायत मिली थी। इस पर उन्होंने संज्ञान लेते हुए प्रशासक की नियुक्ति और नियमित बैठक के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी सहित ग्रामीणों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी रजनीश सुंदरियाल, पूर्व प्रधान भगवान सिंह चौहान, वीर सिंह चौहान, वन पंचायत सरपंच मीना देवी, दमयंती देवी, कांति देवी, पुष्पा देवी, ग्राम पंचायत सदस्य वृंदा रावत सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *