जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का समापन, छह विधाओं में प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर
लोक नृत्य में थलीसैंण, कविता लेखन में बीरोंखाल और लोकगीत में पाबौ विकासखंड ने मारी बाजी
पौड़ी। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का रविवार को समापन हो गया। महोत्सव में लोक नृत्य, कविता लेखन, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, लोकगीत और भाषण प्रतियोगिताओं में विभिन्न विकासखंडों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में नगर पालिका परिषद पौड़ी की अध्यक्ष हिमानी नेगी ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

प्रतियोगिताओं के परिणामों में लोक नृत्य में थलीसैंण विकासखंड ने प्रथम, बीरोंखाल ने द्वितीय और खिर्सू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में बीरोंखाल प्रथम, कोट द्वितीय और पौड़ी तृतीय स्थान पर रहा। चित्रकला प्रतियोगिता में कल्जीखाल के सुमित ने प्रथम, पौड़ी की खुशबू ने द्वितीय और कोट की विदुषी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इसी प्रकार नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में पोखड़ा विकासखंड ने प्रथम, बीरोंखाल ने द्वितीय और एकेश्वर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में पाबौ विकासखंड प्रथम, द्वारीखाल द्वितीय और पोखड़ा तृतीय स्थान पर रहा। भाषण प्रतियोगिता में संजना ने प्रथम, तापोसी किंगर ने द्वितीय और पारस रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद पौड़ी की अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और लोक संस्कृति से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी कला, रचनात्मकता एवं कौशल को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की अहम भूमिका है। युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी भगवान सिंह गुसाईं, नरेश रावत, अजयपाल असवाल, दिनेश चौहान, दिनेश नेगी, सचिन कश्यप, व्यायाम प्रशिक्षक प्रवीण बिष्ट, दीपक कोठारी, बिमल लसवाल, ललित सिंह राणा, शाहरुख अहमद, कमलेश कुमार, सचिन नेगी, गौरव, अमित पंवार, भूपेंद्र रावत और अमन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अशोक पंवार ने किया।

