ग्राम कूँतणी में 2 नवंबर से होगा भव्य रामलीला महोत्सव, 12 नवंबर को राम राज्याभिषेक के साथ होगा समापन
द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम कूँतणी, पट्टी डबरालस्यूं में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में 2 नवंबर से भव्य रामलीला महोत्सव का शुभारंभ होगा। 12 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव में भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ भजन, गढ़वाली गीत और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात्रि 9:30 बजे से शुरू होगा। 2 नवंबर को मंच पूजन के बाद नारद मोह, श्रवण लीला और रावण तपस्या का मंचन किया जाएगा। 3 नवंबर को श्रीराम जन्म, ताड़का वध और सीता जन्म की लीला प्रस्तुत होगी। 4 नवंबर को सीता स्वयंवर तथा श्रीराम-लक्ष्मण और परशुराम संवाद का मंचन होगा। 5 नवंबर को कोप भवन, राम वनवास और दशरथ मरण की लीला दिखाई जाएगी, जबकि 6 नवंबर को भरत मिलाप और राम-लक्ष्मण के पंचवटी प्रवेश का मंचन किया जाएगा।
इसी क्रम में 7 नवंबर को खर-दूषण वध, सूर्पणखा की नाक कटने और सीता हरण की लीला होगी। 8 नवंबर को सीता खोज और राम-सुग्रीव मित्रता, जबकि 9 नवंबर को अशोक वाटिका और लंका दहन का मंचन किया जाएगा। 10 नवंबर को लक्ष्मण शक्ति और अंगद-रावण संवाद तथा 11 नवंबर को कुंभकर्ण, मेघनाथ और अहिरावण वध के साथ रावण वध की लीला प्रस्तुत की जाएगी। 12 नवंबर को प्रातः श्रीराम राज्याभिषेक एवं राजतिलक के साथ महोत्सव का समापन होगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों, प्रबुद्ध नागरिकों और श्रद्धालुओं से सपरिवार रामलीला महोत्सव में पहुंचने की अपील की है। आयोजन में ग्रामसभा कूँतणी, मसोगी, महिला कीर्तन मंडली और युवा कल्याण समिति का सहयोग रहेगा। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों, प्रवासी ग्रामीणों और क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का भी सहयोग मिल रहा है।
श्री आदर्श रामलीला कमेटी, ग्राम कूँतणी ने सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में सहभागिता कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है।

