पौड़ी

पौड़ी में मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण और संशोधन प्रस्तावों पर चर्चा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

पौड़ी गढ़वाल। विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों के युक्तिकरण और पुनर्निर्धारण को लेकर शनिवार को छतरीधार स्थित ईवीएम वेयरहाउस परिसर में बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए गए स्थलीय सत्यापन के बाद मतदेय स्थलों के संशोधन और भवन परिवर्तन से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई। ये प्रस्ताव संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त हुए हैं।

उपजिला निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान ने बताया कि मतदेय स्थलों से संबंधित प्रस्ताव निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं। इन्हें अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के कार्यालय को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ही मतदेय स्थलों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा की जाएगी। पूरी प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न की जाएगी। यह कार्य एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत किया जा रहा है।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह, नोडल अधिकारी राजनीतिक दल मास्टर आदर्श, भाजपा प्रतिनिधि क्रांत किशोर एवं राजेंद्र रावत, कांग्रेस प्रतिनिधि भरत सिंह रावत और माकपा प्रतिनिधि आयुष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *