पौड़ी

ऊधमसिंह नगर बना राज्य स्तरीय विद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन

पौड़ी दूसरे स्थान पर रहा महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून दूसरे और पौड़ी तीसरे स्थान पर

पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी के कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में ऊधमसिंह नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून दूसरे और पौड़ी जनपद तीसरे स्थान पर रहा।

समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालयी स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुशासन सीखने और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर अभ्यास, मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है। खिलाड़ियों को जीत और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के दौरान अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में देहरादून स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया।

ये रहे विभिन्न वर्गों के विजेता

अंडर-14 बालक वर्ग में अल्मोड़ा के यश बिष्ट ने प्रथम स्थान हासिल किया। ऊधमसिंह नगर के अद्विक शाह दूसरे, रुद्रप्रयाग के अभिनव तरवारा तीसरे और देहरादून के आरव चौथे स्थान पर रहे।

अंडर-17 बालक वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के भारत ने प्रथम और निकुंज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। देहरादून के तेजस तीसरे और आदित्य बिष्ट चौथे स्थान पर रहे।

अंडर-19 बालक वर्ग में ऊधमसिंह नगर के देव बरगली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। देहरादून के युवराज कुंजवाल दूसरे, पौड़ी के देवेश कुमार नेगी तीसरे और देहरादून के हिमांशु सिंह कपकोटी चौथे स्थान पर रहे।

समापन अवसर पर जिला शिक्षाधिकारी बेसिक अंशुल बिष्ट, गढ़वाल बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र बंगारी, टीम कोच चंद्र मोहन सिंह, रामचंद्र, विक्रम कठैत, धर्मेंद्र नेगी और प्रहलाद सिंह चुफाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *