बालावाला में मर्यादा पुरुषोत्तम रामलीला समिति का भव्य मंचन, सीता स्वयंवर लीला ने बांधा समां
देहरादून। मर्यादा पुरुषोत्तम रामलीला समिति, बालावाला की ओर से 22 अक्टूबर से भगवान श्रीराम की दिव्य लीलाओं का भव्य नाट्य मंचन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 24 अक्टूबर की रात सीता स्वयंवर लीला का शानदार मंचन किया गया। लीला देखने के लिए विशाल पंडाल दर्शकों से खचाखच भरा रहा। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और देर रात तक दर्शक रामलीला का आनंद लेते रहे।

सीता स्वयंवर प्रसंग में भगवान श्रीराम, माता सीता, राजा जनक, रावण और बाणासुर सहित विभिन्न पात्रों के अभिनय ने मंचन को आकर्षक बनाया। कलाकारों ने अपने संवाद, भाव-भंगिमाओं और अभिनय के माध्यम से प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। रामलीला के दौरान दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
रामलीला समिति के पदाधिकारी और सदस्य पूरे श्रद्धाभाव, लगन और मेहनत के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह तड़ियाल के मार्गदर्शन तथा निर्देशक गणेश रावत के निर्देशन में कलाकार उत्कृष्ट अभिनय कर रहे हैं। समिति के सदस्यों का समर्पण और सामूहिक प्रयास आयोजन को भव्यता प्रदान कर रहा है।
सीता स्वयंवर लीला के प्रमुख पात्र एवं कलाकार
श्रीराम — आशीष कपरवान
लक्ष्मण — शोभित बिंजोला
माता सीता — अंजली राणा
रावण — सुनील भदोला
राजा जनक — मंगतराम बिंजोला
बाणासुर — यश रावत
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीलाओं के माध्यम से रामलीला समिति धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

