पौड़ी में ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट की जांच शुरू, पहले दिन 365 मशीनों का परीक्षण
पौड़ी में ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट की जांच शुरू, पहले दिन 365 मशीनों का परीक्षण
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू हुई प्रथम स्तरीय जांच, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हो रही प्रक्रिया
पौड़ी गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के तहत यह प्रक्रिया ईसीआईएल के इंजीनियरों, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न कराई जा रही है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एफएलसी सुपरवाइजर पीआर चौहान ने बताया कि जनपद में उपलब्ध निर्वाचन उपकरणों में 1,626 बैलेट यूनिट, 2,485 कंट्रोल यूनिट और 2,117 वीवीपैट शामिल हैं। जांच के पहले दिन, 23 अक्टूबर को 102 बैलेट यूनिट, 161 कंट्रोल यूनिट और 115 वीवीपैट का परीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 102 बैलेट यूनिट में से 96, 161 कंट्रोल यूनिट में से 48 और 115 वीवीपैट में से 95 सही पाए गए। इस प्रकार पहले दिन कुल 378 निर्वाचन उपकरणों की जांच की गई, जिनमें से 239 उपकरण सही पाए गए।
एफएलसी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 15 सुपरवाइजर एवं स्टाफ, 15 ईवीएम नोडल स्टाफ, ईसीआईएल के 10 इंजीनियर और 40 श्रमिक तैनात किए गए हैं। जांच के दौरान निर्वाचन उपकरणों की तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस दौरान एडीओ निर्वाचन एसएल शाह, पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद, लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह रावत, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि धीरज सिंह रावत और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि सुरेंद्र रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

