पौड़ी युवा महोत्सव में लोक संस्कृति और प्रतिभाओं का संगम, मंगल दलों को मिला विवेकानंद यूथ अवार्ड
15 विकासखंडों के युवाओं ने सात विधाओं में दिखाया हुनर, महिला मंगल दल मासौं और युवक मंगल दल नाद मल्ला ने हासिल किया प्रथम स्थान
पौड़ी गढ़वाल। जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। महोत्सव में जनपद के सभी 15 विकासखंडों के युवा लोक संस्कृति, कला और रचनात्मकता से जुड़ी सात विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया।

राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड पोखड़ा के दल द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ।
महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, फोटोग्राफी और नुक्कड़ नाटक सहित सात विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि युवा महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के साथ ही लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रोत्साहित करना है।
मुख्य अतिथि विनोद सुयाल ने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौड़ी जनपद की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए जनपद को आदर्श बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक होते हैं।
ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा कि युवा महोत्सव सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने की अपील की।
महिला और युवक मंगल दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड
महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को सम्मानित किया गया।
महिला मंगल दल वर्ग में
प्रथम स्थान — मासौं, विकासखंड पौड़ी
द्वितीय स्थान — ग्वारी, विकासखंड थलीसैंण
तृतीय स्थान — ताछला, विकासखंड यमकेश्वर
युवक मंगल दल वर्ग में
प्रथम स्थान — नाद मल्ला, विकासखंड यमकेश्वर
द्वितीय स्थान — बड़गांव मल्ला, विकासखंड पौड़ी
तृतीय स्थान — बिथ्याणी, विकासखंड यमकेश्वर
कार्यक्रम का संचालन अशोक पंवार ने किया। इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख पौड़ी नीरज पटवाल, नलिन भट्ट, भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, मनोहर चमोली, रेडक्रॉस के जिला सचिव केसर सिंह असवाल, ओमपाल बिष्ट सहित विभिन्न विकासखंडों के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, प्रतिभागी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

