पौड़ी

उमरेला गांव: चौपाल में डीएम ने सुनीं समस्याएं, स्वास्थ्य शिविर के निर्देश

दुगड्डा/पौड़ी। विकासखंड दुगड्डा के दूरस्थ उमरेला गांव में सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। गांव पहुंचने पर ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। जनसंवाद के दौरान जिलाधिकारी ने बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों से सीधे बात कर उनकी आवश्यकताओं को समझा।

दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए मौके पर ही चिह्निकरण कर उन्हें सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें बीरसिंह व सुरेंद्र सिंह को छड़ी, बिमला देवी व बीर सिंह को कान की मशीन तथा बालिका अलीशा को व्हीलचेयर सौंपी गई। ग्रामीणों और बुजुर्गों की मांग पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को एक सप्ताह के भीतर गांव में ही वृहद स्वास्थ्य शिविर लगाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि स्थानीय स्तर पर ही मरीजों का परीक्षण व उपचार हो सके।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि वर्तमान में पंजीकृत 20 लाभार्थियों के अलावा गांव का कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहे। वहीं, उमरेला मार्ग पर निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया। वन विभाग को वन्यजीवों द्वारा पशुहानि पर त्वरित मुआवजा देने और वन कर्मियों की नियमित गश्त सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

गांव की अन्य मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल पाइपलाइन, सड़क मरम्मत, झाड़ी कटान, पंचायत घर व मंदिर सौंदर्यीकरण से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी कोटद्वार को रुकमा देवी, सरोजनी देवी व आलीशा बानो के किसान सम्मान निधि, दिव्यांग पेंशन व संबंधित व्यक्तिगत प्रकरणों को जल्द निपटाने को कहा गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबरिया, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी, ग्राम प्रधान संगीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *