मुनिकीरेती और ऋषिकेश की सीमा पर बनेगा भव्य प्रवेश द्वार, भूमि पूजन के साथ निर्माण शुरू
मुनिकीरेती। मुनिकीरेती के 14 बीघा क्षेत्र में वार्ड संख्या छह के अंतर्गत नगर पालिका मुनिकीरेती और नगर निगम ऋषिकेश की सीमा पर प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्य की शुरुआत के लिए नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, वार्ड सभासद बबीता रमोला और सामाजिक कार्यकर्ता अजय रमोला ने विधिवत भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, सीवर सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके।
प्रवेश द्वार के निर्माण से क्षेत्र को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है। भूमि पूजन के दौरान क्षेत्र के विकास और सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रेस क्लब मुनिकीरेती के अध्यक्ष संजय बडोला, भारत भूषण कुकरेती, सुदीप पंच भैया, उमानंद बड़थ्वाल, वीरेंद्र मैठाणी, नवीन चंद्रा, पूनम, ज्योति बर्थवाल, अर्चना और रेखा भंडारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

