रत्तापानी शिविर में 70 बुजुर्ग और दिव्यांगजन सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित
यमकेश्वर/पौड़ी। प्राथमिक विद्यालय रत्तापानी में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 70 वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया। वहीं, चार दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनाए गए और 18 लोगों का यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण किया गया।

शिविर में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 65 वरिष्ठ नागरिकों तथा एडिप योजना के अंतर्गत पांच दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया। परीक्षण के बाद पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और पंजीकरण जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इससे उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी महेश प्रताप, द्वारीखाल के अंकित रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

