जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में एकेश्वर की टीम ने मारी बाजी, राज्य स्तर पर करेगी पौड़ी का प्रतिनिधित्व
पौड़ी। राज्य स्थापना दिवस के पूर्व अवसर पर शुक्रवार को मैसमोर इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में एकेश्वर विकासखंड की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। थलीसैंण की टीम दूसरे और दुगड्डा विकासखंड की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम अब राज्य स्तर पर पौड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिला विज्ञान एवं सूचना अधिकारी हेमंत काला, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट और शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. पंचम सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में जनपद के नौ विकासखंडों की टीमों ने प्रथम चरण में स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रतिभाग किया। इसमें एकेश्वर, यमकेश्वर, कोट, द्वारीखाल, दुगड्डा और थलीसैंण की टीमों ने प्रथम छह स्थान हासिल कर मुख्य क्विज प्रतियोगिता में जगह बनाई।
मुख्य प्रतियोगिता के छह चरणों के बाद एकेश्वर विकासखंड के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, संतुधार की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज, हिंवलीधार की थलीसैंण विकासखंड की टीम दूसरे और दुगड्डा विकासखंड की टीम तीसरे स्थान पर रही। समापन अवसर पर विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि हेमंत काला ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन करने और नई जानकारियां प्राप्त करने का आह्वान किया। साथ ही राज्य स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम स्थल संयोजक एवं मैसमोर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और उनमें ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
प्रतियोगिता के तकनीकी सलाहकार के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अर्जुन सिंह नेगी, प्रधानाचार्य सुबोध कुमार नेगी और अनूप रावत ने सहयोग किया। इस अवसर पर जयदीप रावत, महेंद्र रौथन, भवान सिंह नेगी, मनोज कुमार काला, नवेंद्र सिंह नेगी, अनीता रावत, विक्रम सिंह रावत, रघुराज चौहान, अविनाश जॉन, बलवंत सिंह नेगी, सुबोध कुकरेती, रविन्द्र रौतेला, अनूप बड़थ्वाल, चंद्रमोहन सिंह असवाल, दीपक रावत, वेदप्रकाश डोभाल और आशीष बेलवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

