कठुली में सेवा संकल्प शिविर, 70 ग्रामीणों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर विकासखंड खिर्सू के राजकीय इंटर कॉलेज कठुली में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान और वन विभाग से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 70 ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्येष्ठ उप प्रमुख नितिन रावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खंड विकास अधिकारी रोशन लाल ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं काटने पड़ते।
शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज कठुली के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद आर्य, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मेंदोली, सहायक विकास अधिकारी पंचायत कुंदन सिंह पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

