पौड़ी

पौड़ी में गड्ढामुक्त सड़कों के अभियान ने पकड़ी रफ्तार, डीएम ने किया निरीक्षण

पैचवर्क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर दिया जोर

पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार एवं पैचवर्क कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, गड्ढा भरान, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने भुवनेश्वरी मंदिर जाने वाले मार्ग के शुरुआती हिस्से का निरीक्षण करते हुए सड़क को गड्ढामुक्त बनाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर पानी जमा होने से उसे नुकसान पहुंचता है। ऐसे में जल निकासी की व्यवस्था इस तरह की जाए कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने मलबे से अवरुद्ध पुरानी नालियों की सफाई एवं मरम्मत कराने के साथ आवश्यकता के अनुसार नई नालियों का निर्माण करने को कहा। इसके अलावा सड़क किनारे झाड़ियों का कटान और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने घुड़दौड़ी से आगे डांडापानी मोटर मार्ग पर सड़क धंसाव वाले स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे लगे अवैध साइन बोर्ड हटाने को कहा, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों की नियमित निगरानी करने और पैचवर्क सहित अन्य मरम्मत कार्यों का स्थलीय सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि **डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (डीएलपी)** के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर पैचवर्क का कार्य संबंधित ठेकेदारों के माध्यम से कराया जाए। मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग विवेक सेमवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *