थलीसैंण में पोषण माह के समापन पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां सम्मानित, महिलाओं और किशोरियों को बांटी पोषण किट
पौड़ी गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत पोषण माह के समापन पर बाल विकास परियोजना कार्यालय थलीसैंण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और कुपोषण उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही महिलाओं, किशोरी बालिकाओं और अन्य लाभार्थियों को पोषण सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद बाल विकास परियोजना अधिकारी ने थलीसैंण परियोजना की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के समर्पण, सेवाभाव और विभागीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की सराहना की गई।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बच्चों के सर्वांगीण विकास, कुपोषण दूर करने और समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयास स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण में अहम योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की भूमिका सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान छह महिलाओं को पोषण किट, 10 किशोरी बालिकाओं को किशोरी पोषण किट और पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। इसके अलावा बालिकाओं को बालिका नेम प्लेट भी प्रदान की गईं, ताकि बालिकाओं के सम्मान और पहचान को प्रोत्साहित किया जा सके।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की ओर से तैयार पोषण प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से पौष्टिक आहार, संतुलित भोजन और बेहतर पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को पोषण के प्रति जागरूक रहने और परिवारों में स्वस्थ खानपान की आदतें विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज रावत, ज्येष्ठ प्रमुख सुनीता रावत, बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा, सुपरवाइजर बबीता चौहान, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मुकेश कुमार, अमित, विभिन्न सेक्टरों की सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और लाभार्थी मौजूद रहे।

