पाबौ में पशु चिकित्सा शिविर, 40 पशुपालक लाभान्वित
पौड़ी। जनपद में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने और पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार के उद्देश्य से पशुपालन विभाग ने विकासखंड पाबौ में जन-जागरूकता एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया। शिविर में कुल 40 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया गया और पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के निर्देशन में आयोजित शिविर में पशुपालकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही पशुओं को बीमारियों से बचाने, संतुलित आहार देने, नियमित टीकाकरण कराने और कृमिनाशक दवाओं के उचित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। पशुधन बीमा के महत्व को समझाते हुए पशुपालकों को योजना का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
शिविर के दौरान 25 पशुपालकों को दवाएं वितरित की गईं, जबकि 11 पशुपालकों को पशुओं में बांझपन निवारण संबंधी दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त 40 पशुपालकों को चारा बीज वितरित कर लाभान्वित किया गया। पशुपालकों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें पशुओं की नियमित देखभाल, समय पर उपचार और संतुलित पोषण के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पौड़ी डॉ. विशाल शर्मा ने पशुपालकों से विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता, नियमित पशु चिकित्सा और वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाकर पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार किया जा सकता है। इससे पशुपालकों की आजीविका मजबूत होने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

