पौड़ी

हल्दूखाल में विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के खतरों के प्रति किया जागरूक

पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड नैनीडांडा के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूखाल में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, लैंगिक अपराध, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं को अपने अधिकारों तथा सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी होना आवश्यक है। जागरूकता और समय पर शिकायत के माध्यम से हिंसा एवं उत्पीड़न के मामलों में सहायता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर योजना के बारे में बताया। साथ ही गुड टच और बैड टच के अंतर को समझाते हुए कहा कि किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बच्चों को डरने या चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

लक्ष्मी रावत ने घरेलू हिंसा और अन्य प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए न्यायालय के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने, अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप कुमार भट्ट ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए जागरूकता और सही समय पर उचित मार्गदर्शन बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा शर्मा, सुरेंद्र बछ्वाण, अमित कुमार, राकेश मोहन, नीलम बिष्ट सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *