पौड़ी के युवाओं के लिए खुली वैश्विक रोजगार की राह, जापान-जर्मनी के अवसरों की दी जानकारी
जयहरीखाल और कल्जीखाल के महाविद्यालयों में कैरियर काउंसिलिंग शिविर, कौशल विकास और रोजगारपरक योजनाओं से कराया रूबरू
पौड़ी। युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार की संभावनाओं और बेहतर कैरियर विकल्पों से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को जयहरीखाल और कल्जीखाल विकासखंड स्थित राजकीय महाविद्यालयों में कैरियर काउंसिलिंग शिविर आयोजित किए गए। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित शिविरों में छात्र-छात्राओं को कौशल विकास, रोजगारपरक योजनाओं और देश-विदेश में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।

भक्त दर्शन राजकीय पीजी कॉलेज जयहरीखाल में आयोजित शिविर में कैरियर काउंसिलिंग सेल के माध्यम से विद्यार्थियों को विभागीय योजनाओं और रोजगार मार्गदर्शन की जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को जापान और जर्मनी सहित विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक कौशल, प्रशिक्षण और रोजगार की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।
इसी क्रम में राजकीय पीजी कॉलेज कल्जीखाल में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं को कैरियर चयन, कौशल विकास और रोजगार के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वैश्विक रोजगार योजना के साथ ही जापान और जर्मनी में रोजगार के अवसरों तथा इसके लिए आवश्यक तैयारी के बारे में बताया गया।
प्रभारी सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने कहा कि कैरियर काउंसिलिंग के दौरान युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता और कौशल के अनुरूप कैरियर एवं रोजगार क्षेत्र का चयन करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने तथा प्रशिक्षण एवं रोजगारपरक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक रोजगार विकल्पों के साथ-साथ कौशल आधारित और वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार बेहतर कैरियर का चुनाव कर सकें।

