पौड़ी में विशेष शिविर: 233 वरिष्ठ नागरिक-दिव्यांगजन सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित
राष्ट्रीय वयोश्री योजना में 218 वरिष्ठ नागरिक और एडिप योजना में 15 दिव्यांगजन चयनित
पौड़ी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से विकासखंड पौड़ी में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत आयोजित शिविर में कुल 233 लाभार्थियों को सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का परीक्षण एवं आकलन कर उपकरणों के लिए पंजीकरण किया गया। इसमें 218 वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्रीय वयोश्री योजना तथा 15 दिव्यांगजनों को एडिप योजना के तहत सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। पात्र लाभार्थियों को परीक्षण के आधार पर उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि एडिप योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों के पास आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र और निर्धारित आय प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। वहीं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के लिए वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने कहा कि एलिम्को के सहयोग से जनपद के विभिन्न विकासखंडों में लगातार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का मौके पर आकलन कर उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।
शिविर में क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख अर्चना तोपाल, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, राहुल राणा सहित समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन और उनके परिजन भी शिविर में पहुंचे।

