पौड़ी

बरसुण्ड देवता पेयजल योजना को ₹29.83 करोड़ की मंजूरी, 40 गांव-तोकों को मिलेगा पानी

पोखड़ा में ₹2.75 करोड़ की लागत से बने 8 किमी ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण, बहुउद्देशीय शिविर में 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

पोखड़ा/पौड़ी। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पोखड़ा में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में दर्ज 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

इस दौरान सतपाल महाराज ने बताया कि दूरस्थ कोला क्षेत्र की लंबे समय से लंबित बरसुण्ड देवता ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना के लिए ₹29 करोड़ 83 लाख की स्वीकृति कराई गई है। योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के करीब 40 गांवों और तोकों की जनता को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, पंचायतों के सुदृढ़ीकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। कोला-1 और कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए ₹31.51 लाख स्वीकृत किए गए, जिसका कार्य पूरा हो चुका है। वहीं बिजोरापानी से कुञ्जखाल तक आवश्यक स्थानों पर करीब ₹56 लाख की लागत से मोटर मार्ग के नवीनीकरण का कार्य कराया गया है।

₹2.75 करोड़ की सड़क का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विकासखंड पोखड़ा में ₹2 करोड़ 75 लाख 63 हजार की लागत से निर्मित बिजोरापानी-कुण्जखाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किमी ग्राम से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

मंत्री ने बताया कि विधायक निधि से विभिन्न ग्राम पंचायतों में करीब ₹1 करोड़ के विकास कार्य कराए गए हैं। विद्यालय भवनों के निर्माण, सौर ऊर्जा सुविधाओं के विस्तार तथा जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं पर ₹10 करोड़ से अधिक के कार्य किए जा चुके हैं।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत सहायता राशि के चेक लाभार्थियों को वितरित किए तथा एबीवीपी के युवाओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी, एसडीएम रेखा आर्य, बीडीओ सत्यप्रकाश शाह सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *