पौड़ी

बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं! मिशन शक्ति के तहत छात्र-छात्राओं को सिखाए सुरक्षा के गुर

**गुड टच-बैड टच से लेकर महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तक की दी जानकारी, उत्पीड़न पर चुप न रहने के लिए किया जागरूक**

पौड़ी गढ़वाल। महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को इंटर कॉलेज ढामकेश्वर, खिर्सू में मिशन शक्ति के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को लैंगिक अपराधों, घरेलू हिंसा से बचाव, व्यक्तिगत सुरक्षा और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने छात्र-छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और वन स्टॉप सेंटर की सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए समझाया कि किसी भी प्रकार का असहज या अनुचित व्यवहार होने पर चुप न रहें, बल्कि किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।

उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित समस्याओं की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है। छात्र-छात्राओं को यह भी समझाया गया कि उनके साथ किसी प्रकार का अपराध या उत्पीड़न होने पर कहां और किस माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, व्यक्तिगत सुरक्षा को प्राथमिकता देने और जरूरत पड़ने पर सहायता मांगने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमर शाह सहित आशीष रावत, पूजा, रुचिता, रेखा समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *