पौड़ी

पोषण से सशक्तिकरण तक—आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजा सेवा संकल्प का संदेश

गोद भराई, प्रवेशोत्सव और पोषण जागरूकता कार्यक्रमों के साथ गर्भवती महिलाओं, किशोरियों व बच्चों को योजनाओं का लाभ; आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया सम्मानित

पौड़ी गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के तहत जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता और लाभार्थीपरक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

बाल विकास परियोजना कोट के आंगनबाड़ी केंद्र कुंडी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला और विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन रावत मौजूद रहीं। बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजू चमोली ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण टोकरी वितरित की। एक महिला को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा किशोरियों को हैंडवॉश वितरित किए गए। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने विभागीय योजनाओं और पोषण माह के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए संतुलित आहार में स्थानीय फल, सब्जियां, अनाज और दालों को शामिल करने की अपील की।

क्षेत्रीय सुपरवाइजर गीता ने गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक खानपान, स्वस्थ दिनचर्या और प्रसव पूर्व जांच के महत्व की जानकारी दी।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका सराही

जिला पंचायत अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना एवं नंदा गौरा योजना से लाभान्वित महिलाओं और किशोरियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से उन्हें आवश्यक सहयोग और प्रोत्साहन मिला है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन रावत ने भी आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों की सराहना की।

स्थानीय अनाज और व्यंजनों से दिया पोषण का संदेश

आंगनबाड़ी केंद्र गहड़ पैडुल में भी पोषण माह एवं आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने स्थानीय खाद्य सामग्री से रंगोली तैयार की तथा स्थानीय अनाज, दाल, फल और सब्जियों से तैयार पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया।

कार्यक्रम में लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, ट्रैक सूट, पाठ्य सामग्री और टी-शर्ट वितरित की गई। एक गर्भवती महिला की गोद भराई और दो बच्चों का प्रवेशोत्सव मनाया गया। किशोरियों को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, बाल विकास परियोजना अधिकारी पौड़ी आशा रावत, एएनएम अनिता देवी, सुपरवाइजर सुषमा रावत सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *