पौड़ी

दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के लिए थलीसैंण में लगा शिविर, 111 लाभार्थी चयनित

पौड़ी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से विकासखंड थलीसैंण में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत किया गया।

शिविर में पात्र लाभार्थियों की आवश्यकताओं के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण, पंजीकरण एवं चिन्हीकरण किया गया। इस दौरान 106 वरिष्ठ नागरिकों और 5 दिव्यांगजनों सहित कुल 111 लाभार्थियों को सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। इसके साथ ही 23 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा 24 लाभार्थियों के यूडीआईडी कार्ड के लिए भी चिन्हीकरण किया गया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि एडिप योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों के पास आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र और निर्धारित आय प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाण पत्र जरूरी है। लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की दो-दो छायाप्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि एलिम्को के सहयोग से जनपद में कुल 11 शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया जा रहा है। परीक्षण के आधार पर पात्र लाभार्थियों के लिए आवश्यक सहायक उपकरणों का चिन्हीकरण किया जाएगा और जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, कनिष्ठ उप प्रमुख राजेश्वर, खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोठियाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी शालिनी बलोदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *